Dehradun, 04 October 2026। उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, पर्यटन विकास और स्थानीय स्वरोजगार की पहल हरियाणा से आए युवाओं को प्रभावित कर गई। तीन दिवसीय भ्रमण पर उत्तराखंड पहुंचे युवाओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सीएम आवास में मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने युवाओं से उत्तराखंड की विकास यात्रा, स्थानीय उत्पादों और सांस्कृतिक विरासत को देशभर तक पहुंचाने में डिजिटल ब्रांड एंबेसेडर की भूमिका निभाने का आह्वान किया।
युवाओं ने राज्य में सड़क एवं डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार, होम स्टे योजना, पर्यटन विकास, सौर ऊर्जा और सीमांत क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद उत्तराखंड में सड़क, डिजिटल और रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। होम स्टे योजना से स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। स्वच्छ पर्यावरण, बेहतर वायु गुणवत्ता और स्थानीय लोगों का आत्मीय व्यवहार भी उनके अनुभव का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अतिथि देवो भवः उत्तराखंड की संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। दूसरे राज्यों के युवाओं का भ्रमण सांस्कृतिक विविधता को समझने और विकास के नवाचारों को जानने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। सरकार अंत्योदय की भावना के अनुरूप गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले करीब पांच वर्षों में प्रदेश के 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है। उन्होंने युवाओं से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों, मिलेट्स, हस्तशिल्प, पर्यटन स्थलों और महिला स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों को सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक पहचान दिलाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि युवा डिजिटल माध्यमों से उत्तराखंड की सकारात्मक छवि देशभर में पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इससे राज्य के पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और स्वरोजगार की संभावनाओं को भी विस्तार मिलेगा।




