Dehradun, 28 july 2026। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी भारी वर्षा के अलर्ट को देखते हुए चारधाम यात्रा को एहतियातन दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। गढ़वाल मंडल आयुक्त ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आज और कल चारधाम यात्रा पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।
आयुक्त के अनुसार लगातार बारिश के कारण चारधाम यात्रा मार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन से प्रभावित हुए हैं। पहाड़ों से मलबा और पत्थर गिरने के चलते कई मार्गों पर आवागमन बाधित हुआ है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो सकता है। मौसम विभाग ने भी अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा स्थगित करने का निर्णय पूरी तरह यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है। मौसम की स्थिति सामान्य होने और मार्गों के सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही चारधाम यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। संबंधित विभागों को मार्गों की निगरानी, मलबा हटाने और आवश्यक मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे फिलहाल चारधाम यात्रा पर निकलने से बचें तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। यात्रा की अगली जानकारी प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से जारी की जाएगी। साथ ही यात्रा पर आए श्रद्धालुओं से सुरक्षित स्थानों पर ठहरने और जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया गया है। मौसम अनुकूल होते ही यात्रा को पुनः सुचारु रूप से संचालित किया जाएगा।




