उत्तरकाशी : पुलिस और प्रशासन ने महापंचायत करने पुरोला जा रहे हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं को नौगांव में रोक लिया है। नाराज प्रदर्शनकारी सडक पर बैठकर धरना दे रहे हैं। दूसरी ओर यमुना घाटी हिंदू जागृति मंच के अध्यक्ष केशव गिरी महाराज ने कहा कि बड़कोट में 25 जून को महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महापंचायत की शुरुआत हो चुकी है। अब मंच शहर और गांवों में भी पंचायत का आयोजन करेगा।
इस बीच नौगांव से पुरोला जाने के लिए हिंदू संगठन के कार्यकर्ता जब आगे बढ़े तो पुलिस ने कुछ ही दूरी पर कार्यकर्ताओं को रोक दिया। पुलिस और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। पुलिस और प्रशासन की ओर से कार्यकर्ताओं को समझाया जा रहा है। बड़कोट के एसडीएम जितेंद्र कुमार ने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। अभी भी कार्यकर्ता सड़क पर ही जमे हुए हैं। पिछले दो घंटे से जाम की स्थिति बनी है। पुलिस जाम खुलवाने के प्रयास में जुटी है।