Kalagarh, 04 July 2026। कार्बेट टाइगर रिजर्व से लगे पुराने कालागढ़ क्षेत्र में एक बेकाबू जंगली हाथी का आतंक लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार तड़के हाथी आबादी में घुस आया और एक घर में तोड़फोड़ करने के साथ कई बाइकें क्षतिग्रस्त कर दीं। लगातार हो रही घटनाओं से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों ने वन विभाग से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब पांच बजे हाथी सोनू सिंह के घर के बाहर पहुंचा। उसने बरामदे में रखी चारपाई तोड़ दी और उस पर रखी रजाई भी फाड़ डाली। घर के लोगों और आसपास के ग्रामीणों ने शोर मचाकर किसी तरह हाथी को वहां से भगाया।
इसके बाद हाथी ट्रांसफार्मर के पास पहुंच गया। इसी दौरान सामने से आ रही एक बाइक पर उसने हमला कर दिया। बाइक सवार ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रांसफार्मर के चारों ओर बने सुरक्षा घेरे में कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन हाथी ने बाइक को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
इससे पहले गुरुवार रात गश्त पर निकले तीन वनकर्मियों पर भी हाथी ने हमला करने का प्रयास किया था। जान बचाने के लिए वनकर्मियों को अपनी बाइकें छोड़कर भागना पड़ा, जिसके बाद हाथी ने उनकी बाइकें भी तोड़ डालीं।
लगातार दो दिनों से हाथी की आक्रामक गतिविधियों ने पुराने कालागढ़ क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथी बार-बार आबादी में पहुंच रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने वन विभाग से हाथी की निगरानी बढ़ाने, आबादी वाले क्षेत्रों में गश्त तेज करने और लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।:::




