Dehradun, 02 August 2026। उत्तराखण्ड की एक और बेटी राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का मान बढ़ाने जा रही है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ‘एट होम’ रिसेप्शन के लिए अल्मोड़ा की गर्विता भाकुनी का चयन हुआ है। देशभर से केवल पांच युवा आपदा मित्र कैडेट्स को इस सम्मानित समारोह के लिए चुना गया है, जिनमें उत्तराखण्ड की गर्विता भी शामिल हैं। उनका चयन प्रदेश के युवाओं की सेवा भावना, अनुशासन और आपदा प्रबंधन में बढ़ती भागीदारी का राष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान माना जा रहा है।
लोअर मॉल रोड, अल्मोड़ा निवासी गर्विता भाकुनी राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की युवा आपदा मित्र कैडेट हैं। उत्तराखण्ड के अलावा कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मिजोरम और नागालैंड से भी एक-एक कैडेट का चयन इस विशेष अवसर के लिए किया गया है। राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाला ‘एट होम’ रिसेप्शन देश के विशिष्ट नागरिकों, वीरता और उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों की मौजूदगी वाला प्रतिष्ठित समारोह है। ऐसे आयोजन में उत्तराखण्ड का प्रतिनिधित्व करना राज्य के लिए भी गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गर्विता को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे उत्तराखण्ड के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा में स्थानीय समुदाय सबसे पहला मददगार होता है और यदि युवा प्रशिक्षित हों तो राहत एवं बचाव कार्य अधिक प्रभावी और सुरक्षित तरीके से किए जा सकते हैं। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार युवाओं को आपदा प्रबंधन तंत्र से जोड़ रही है, ताकि वे संकट के समय समाज की मदद करने के साथ-साथ आपदा जोखिम को कम करने में भी अहम भूमिका निभा सकें।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के सहयोग से संचालित युवा आपदा मित्र योजना के तहत उत्तराखण्ड में 4,310 युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इनमें एनसीसी, एनएसएस, मेरा युवा भारत (एमवाईबी) तथा भारत स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवक शामिल हैं। अब तक लगभग 2,700 युवाओं को खोज एवं बचाव, प्राथमिक उपचार, निकासी, आपातकालीन प्रतिक्रिया, सामुदायिक जागरूकता और आपदा जोखिम न्यूनीकरण का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
गर्विता भाकुनी ने कहा कि राष्ट्रपति भवन में उत्तराखण्ड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलना उनके लिए जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है। उन्होंने कहा कि युवा आपदा मित्र के रूप में मिला प्रशिक्षण उन्हें समाज सेवा के लिए प्रेरित करता है और वह भविष्य में भी आपदा प्रबंधन तथा जनसेवा के क्षेत्र में पूरी निष्ठा से कार्य करते हुए अन्य युवाओं को भी इस अभियान से जोड़ने का प्रयास करेंगी।




